आजमगढ़। होली के त्योहार को सकुशल और शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पूरा प्रशासनिक अमला जुट गया है। जिला मजिस्ट्रेट चन्द्रभूषण सिंह ने होली के त्योहार को सकुशल शांतिपूर्व संपन्न कराने के लिए थानावार सुपर जोनल एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की है।
सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरिक्षक की तैनाती अपने उपखंड में मुख्य-मुख्य स्थानों पर करके, सूची 26 फरवरी की शाम तक उपलब्ध करा दें। लेखपालों को अपने क्षेत्र में उपस्थित रहकर होली के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया है। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि बन्दोबस्त अधिकारी अपने सहायक चकबन्दी अधिकारियों की भी तैनाती करेंगे। बीडीओ एडीओ पंचायत की तैनाती अपने ब्लाक के संवेदनशील स्थलों पर करेेंगे। ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने ग्राम पंचायत में उपस्थित रहकर होली के त्योहार को संपन्न कराने को कहा गया है। डीएसओ को पूर्ति निरीक्षणों की ड्यूटी लगाकर सूची उपलब्ध कराने को कहा है। कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बिना उनकी अनुमति के होली के दिन मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
होली पर डीजे की बजाय एक हार्न बजाएं
लालगंज। देवगांव कोतवाली व पुलिस चौकी लालगंज में एसपी सिटी सुभाषचंद्र गंगवार की अध्यक्षता में शांति कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिसमें होली के त्यौहार के लिए लोगों को दिशा निर्देश दिया गया। साथ ही होली के दिन ही जुमे की नमाज भी मुस्लिम बंधुओं द्वारा अदा की जाएगी। जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने बैठक में उपस्थित दोनों समुदाय को आपस में शांतिपूर्वक त्यौहार मनाने की बात कही।
एसपी सिटी ने कहा कि होली के दिन दोपहर बाहर बजे तक ही रंगों का प्रयोग करें। शाम के समय केवल एक दूसरे को अबीर का तिलक ही लगाएं। साथ ही दूसरे समुदाय के लोगों को भी विवाद से बचने का सुझाव दिया। इसके साथ ही उन्होंने होली त्यौहार पर डीजे न बजाने की हिदायत दी। डीजे की जगह पर केवल एक हार्न की अनुमति देने की अधिकारियों से बात कही। इसके अलावा उन्होंने रेतवांचंद्रभानपुर गांव में चल रहे होलिका की जमीन के विवाद पर यथास्थिति बनाए रखने की बात कही। एसपी सिटी की बात पर लालगंज एवं गांव के नागरिकों ने अधिकारियों को आश्वस्त कराते हुए कहा कि पुलिस के साथ-साथ जनता का भी पूरा भरपूर सहयोग आपको मिलेगा। क्योंकि शांतिसुरक्षा व्यवस्था अमन चैन हर वर्ग के हित के लिए है। इस अवसर पर मौजूद उपजिलाधिकारी लालगंज अभय कुमार मिश्र रोकने और टोकने की भी बात कही जिसको समझाते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति गलत करता है तो आप उसे टोकने का काम करें अगर नहीं मानता है तो रोकने के लिए तो हमारा प्रशासन है। इस अवसर पर चेयरमैन विजय सोनकर, भाजपा के मंडल अध्यक्ष इंद्राज चौहान, संजय जायसवाल, प्रमोद सरोज, सन्तोष सिंह, मोहम्मद जैद, रजनीश जायसवाल, धर्मेंद्र सोनकर, शिवसागर बरनवाल आदि मौजूद रहे।