आजमगढ़। विद्युत पेंशनर्स परिषद के सदस्यों ने सोमवार को सप्तम वेतन आयोग को लागू किए जाने की मांग को लेकर धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य अभियंता वितरण को सौपा और सातवें वेतन आयोग को लागू किए जाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महासचिव एपी श्रीवास्तव ने कहा कि 14 जनवरी 2000 अथवा उसके उपरांत सेवानिवृत्त हुए 85000 हजार पेंशनर्स/पारिवारिक पेंशनर्स का पेंशन और अन्य नैवृत्तिक लाभ का भुगतान शासन द्वारा राजकीय कोषागार के माध्यम से कराया जा रहा है। कोषागार से प्राप्त पेशनरां/पारिवारिक पेशनरों को सातवें वेतन आयोग का लाभ एक जनवरी 2016 से मिल रहा है। लेकिन ऊर्जा निगम के पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों को सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं दिया जाना निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही अगर सातवां वेतन को लागू नहीं किया गया तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। धरने में सत्यराम यादव, जमुना प्रसाद यादव, कोमल प्रसाद कुशवाहा, रामदरश सिंह, रामजीत यादव, श्रीराम मौर्या, परमानंद, रामजीत आदि सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।