आजमगढ़। कप्तानगंज और सरायमीर में मंगलवार को दशहरा पर्व के मद्देनजर मेले का आयोजन किया गया। मेले की धूम से त्योहार में उत्साह का रंग दोगुना हो गया। मेले में समितियों द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन को लोगों का तांता लगा रहा। इस दौरान श्रीराम द्वारा रावण का दहन करने पर श्रीराम के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। उधर मेले के बच्चों ने जहां खिलौनों, वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन के सामानों की जमकर खरीदारी की। विद्युत झालरों की सजावट से मेला क्षेत्र जगमगा उठा।
कप्तानगंज संवाददाता के अनुसार कप्तानगंज कस्बे में असत्य पर सत्य बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कस्बे में 16 पंडालों में मां की प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। पंडालों को आधुनिक विद्युत झालरों से सजाया गया था। मां की प्रतिमाओं के पूजन-अर्चन को सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा था। शाम होते-होते अहरौला मार्ग, महाराजगंज रोड और आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वहीं समितियों द्वारा अपने-अपने पंडालों को विद्युत झालरों और तरह-तरह की लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जिससे पूरा कस्बा रंग-बिरंगे रोशनियों से जगमगा उठा। मेले में जहां बच्चों ने झूलों का जमकर आनंद उठाया, वहीं युवतियां, महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन के दूकानों पर अपने पसंद के सामानों की खरीददारी की। मेले में देर रात तक दर्शन-पूजन को लेकर भक्तों तांता लगा रहा। मेले के मद्देनजर मेला क्षेत्र में वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। सरायमीर संवाददाता के अनुसार कस्बा में विजयादशमी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रीरामलीला मैदान सरायमीर में श्रीराम और लक्ष्मण जी की आकर्षक झांकी निकाली गई। दर्शन-पूजन को लोगों का तांता लगा रहा। इस बीच श्रीराम और रावण के बीच भयंकर युद्ध होता है। युद्ध में रावण के मारे जाते ही पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। कमेटी के प्रबंधक राजेश यादव के नेतृत्व में झांकी निकली गई, जो कस्बे का भ्रमण करते हुए ठाकुरद्वारा पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने श्रीराम और लक्ष्मण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मेले में पहुंच लोगों ने मां के दर्शन किए और अपने पसंद के सामानों की खरीदारी की। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात रही।
श्रीराम का राज्याभिषेक होते ही गूंजा क्षेत्र
आजमगढ़। नगर के पुरानी कोतवाली पर सोमवार की रात को राजगद्दी के दौरान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के दर्शन को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीराम का राज्याभिषेक होते ही पूरा क्षेत्र श्रीराम के जयकारे से गूंज उठा। श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण चौदह वर्ष के वनवास के बाद श्रीहनुमान जी के साथ अयोध्या लौटते हैं। अयोध्या की सीमा पर भरत श्रीराम की अगुवाई करते हैं। श्रीराम के अयोध्या लौटने पर चारों तरफ खुशी की लहर दौड़ पड़ती है। अयोध्या में उत्सव मनाया जाता है। इसके बाद श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारियां शुरू हो जाती है। इसी क्रम में सोमवार की रात पुरानी कोतवाली पर राजगद्दी में मंच पर बैठे श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की सर्वप्रथम आरती उतारी गई। इसके बाद विधि-विधान से गुरु वशिष्ठ द्वारा भगवान श्रीराम का राजतिलक किया। श्रीराम का राज्याभिषेक होते ही पूरा क्षेत्र श्रीराम के जयकारे से गूंजने लगा। श्रीराम के राज्याभिषेक के बाद भजन-कीर्तन और दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हुआ। जो देर रात तक चलता रहा। लोगों ने भगवान श्रीराम माता सीता, लक्ष्मण और भरत, शत्रुघन के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रीराम-भरत मिलाप को देख छलकी आंखें
सगड़ी। सगड़ी तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत जीयनपुर स्थित रामलीला मैदान से श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में सोमवार की रात भरत मिलाप का मंचन किया गया। भगवान श्री राम, लक्ष्मण, मां जानकी के साथ 14 वर्ष वनवास के बाद रावण का वध कर लंका का राज पाठ विभीषण को सौंपकर पुष्पक विमान से अयोध्या आते हैं। नगर से बाहर रुक जाते है। पूरे अयोध्या में खुशी की लहर दौड़ पड़ती है। उनकी प्रतीक्षा कर रहे भरत को श्रीराम के आगमन की सूचना मिलते ही खुशी का ठिकाना न रहा। नगर के बाहर खड़े राम के पास पहुंचते हैं। इस दौरान श्रीराम और भरत के मिलाप को देख लोगों की आंखे छलछला उठती हैं। वहीं लगे श्रीराम के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। इस मौके पर आनंद प्रकाश तिवारी, शिवदान चौरसिया, गोविंद मद्धेशिया, ज्ञानेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।
श्रीराम जन्म संग श्रीरामलीला शुरू
बिंद्राबाजार। कस्बा स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में सोमवार की शाम श्रीराम जन्म के साथ श्रीरामलीला मंचन की शुरुआत हुई। पहले दिन कलाकारों ने नारद मोह का मंचन किया। इस दौरान नारद के बंदर रुप को देख लोगों ने खूब ठहाके लगाए। वहीं भगवान श्रीराम जन्म मंचन के दौरान लगे जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। बिंद्राबाजार मेें श्रीराम जन्म के साथ श्रीरामलीला की शुरुआत भाजपा नेता डा. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने भगवान विष्णु के चरणों में पुष्प अर्पित कर किया। अयोध्या से आए कलाकारों द्वारा श्रीरामलीला का मंचन किया। दर्शकों द्वारा बीच-बीच में लगाए जा रहे श्रीरामचंद्र के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष रूप नारायण उपाध्याय, राधेश्याम सेठ, मुन्ना शर्मा, शिव प्रकाश, राजेंद्र मिश्रा, संतोष आदि मौजूद रहे।