आजमगढ़। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित अरबी फरसी बोर्ड परीक्षा 11 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा में 5224 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 16 केंद्र बनाए गए हैं। मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल की ये परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा के लिए जिले को सेक्टर में बांटा गया है। यूपी बोर्ड के सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती मदरसा बोर्ड के परीक्षा केंद्रों में उन्हीं क्षेत्रों में की गई है। यहां वे यूपी बोर्ड में सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी करेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य केंद्र व्यवस्थापक व अनुदानित मदरसों के प्रधानाचार्य अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के रूप में लगाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पर्यवेक्षक लगाया गया है। 16 परीक्षा केन्द्रों में 11 माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालय हैं। वहीं पांच मदरसों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा पूर्ण रूप से यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के तर्ज पर ही होनी है। हर परीक्षा केंद्र पर परीक्षा केंद्र वाले विद्यालय का एक शिक्षक और मदरसों की ओर से नामित एक शिक्षक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करेंगे। परीक्षा सीसी टीवी कैमरा और वाइस रिकार्डर से कवर रहेगी। इसका निरीक्षण सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचल दल प्रभारी करेंगे। अनुदानित मदरसों के लगभग 150 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त/सह केंद्र व्यवस्थापक की बैठक छह फरवरी को 12 बजे से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में होगी।