आजमगढ़। ईवीएम और वीवी पैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से चार एलईडी वैन का संचालन किया जाएगा। दोनों संसदीय क्षेत्रों में घूम घूमकर लोगों को इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मतदान के साथ ही लोगों को पहली बार ईवीएम मशीन के साथ प्रयुक्त हो रहे वीवी पैट मशीन के बारे में जानकारी देने के लिए निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है। ताकि मतदाता यह जान सकें कि वीवी पैट मशीन कैसे कार्य करती है। इसके लिए जनपद में चार एलईडी वैन चलाने का निर्देश दिया गया है। दो वैन सदर लोकसभा क्षेत्र और दो वैन लालगंज लोकसभा क्षेत्र में चलाई जाएगी। सभी तहसीलों को पत्र जारी कर यह सूचना मांगी गई है कि इसकी सबसे ज्यादा जरूरत किस क्षेत्र में है। यह वैन पूरे एक महीने तक दोनों संसदीय क्षेत्रों में भ्रमण कर जगह-जगह लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के बारे में जानकारी देगी।