आजमगढ़। सरकारी एवं निजी क्षेत्रों के अन्तर्गत संचालित चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम से निकलने वाले बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण के लिए डीएम ने तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीके अग्रवाल, क्वालिटी मैनेजर डॉ. सुभाष पटेरिया, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को शामिल किया गया है। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी ने बताया कि जनपद में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों के चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम से निकलने वाले बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेन्ट के निस्तारण के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए थे। कार्ययोजना तैयार कराकर बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था कराने को कहा गया था। इसके साथ ही खुले में बायो मेडिकल वेस्ट फेंकने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। डीएम ने बताया कि अब कमेटी बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था करेगी। गठित टीम को निर्देश दिए हैं कि सीएमओ से अस्पतालों की सूची प्राप्त कर उनका निरीक्षण करें। देखें कि संबंधित चिकित्सालय द्वारा बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण की समुचित व्यवस्था की है अथवा नहीं। यदि नहीं की गई है तो सीएमओ के स्तर से नोटिस जारी करा कार्रवाई करें।