आजमगढ़। ग्रामीण सड़कों की दशा सुधारने की कवायद में जुटी प्रदेश सरकार ने जिले के एक और ग्रामीण मार्ग की सुधि ली है। लालगंज-तरवां मार्ग से निकले चंदेवरा संपर्क मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि उपलब्ध कराते हुए जल्द टेंडर करा कर काम शुरू कराने का निर्देश दिया गया है। लालगंज तहसील मुख्यालय से तरवां जाने वाले मार्ग पर स्थित कोटा बाजार से चंदेवरा गांव के लिए संपर्क मार्ग गया हुआ है। वर्षो पूर्व बने इस संपर्क मार्ग की वर्तमान में हालत अत्यंत ही खस्ता हाल हो चुकी है। गिट्टियां उखड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके है, जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण इस सड़क के जीर्णोद्धार के लिए स्थानीय स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक से गुहार लगा चुके है। वर्तमान प्रदेश सरकार ग्रामीण सड़कों की दशा सुधारने की कवायद में जुटी हुई है। जिसके तहत पीडब्लूडी ने इस मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए आगणन तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा था। शासन ने 3.30 किमी लंबे इस मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए 71.05 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की है। इसके साथ ही शासन ने जल्द से जल्द टेंडर आदि की प्रक्रिया पूर्ण करा कर काम शुरू कराने का भी फरमान जारी किया है। इस सड़क के बन जाने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।