आजमगढ़। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही दो दिवसीय मंडलीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ शनिवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 219 अंक प्राप्त कर आजमगढ़ प्रथम और 204 अंक प्राप्त कर मऊ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी में आजमगढ़ के ब्लाक मुहम्मदपुर के प्राथमिक विद्यालय सुरजनपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरजनपुर की बालिकाओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में जूनियर स्तर बालक वर्ग में आजमगढ़ के दीपक कुमार और बालिका वर्ग में मऊ की रानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में मऊ के विनय गुप्ता और बालिका वर्ग में मऊ की पिंकी ने बाजी मारी। 100 मीटर प्राथमिक बालक वर्ग में बलिया के विकास यादव प्रथम रहे और जूनियर स्तर बालक वर्ग में आजमगढ़ के दीपक कुमार ने बाजी मारी। 100 मीटर प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग में मऊ की पिंकी ने प्रथम और जूनियर स्तर में मऊ की रानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो जूनियर स्तर बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में आजमगढ़ प्रथम और मऊ दूसरे स्थान पर रहा। कबड्डी जूनियर स्तर बालक वर्ग में आजमगढ़ प्रथम और मऊ द्वितीय स्थान पर रहा। 25 किलो भार में आजमगढ़ के सुगंध यादव प्रथम रहे। 30 किलो में आजमगढ़ के अभिषेक साहनी और 40 किलो में नितीश साहनी प्रथम रहे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि खेल बच्चों शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास के लिए आवश्यक हैं। खेल में जीत या हार महत्वपूर्ण नहीं, महत्वपूर्ण है प्रतिभाग करना। इस मौके पर बीएसए देवेंद्र कुमार पाण्डेय, संतोष राय, बीडीओ जनार्दन यादव, विश्वजीत कुमार, सुनील चौबे, अनिता साइलेंस, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, केदार नाथ यादव, मनोज कुमार त्रिपाठी, अभिमन्यु यादव, कन्त किशोर दुबे, अनिल राय, रंजय श्रीवास्तव, सुनील राय, सुग्रीव, राम रिसंह, इन्द्रासन पाण्डेय आदि थे।