आजमगढ़। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से मिजिल्स और रूबेला संबंधित बीमारियों को वर्ष 2020 तक इनिमिनेट करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से मिजिल्स, रूबेला वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में चरणबद्ध रूप से शामिल किया जाएगा। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रारम्भ में नौ माह से 15 वर्ष तक के सभी बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान प्रदेश के 65 जनपदों में 26 नवंबर और 10 जनपदों में 10 दिसंबर से प्रस्तावित है। आजमगढ़ में अभियान 10 दिसंबर से प्रारम्भ किया जाएगा। अभियान पांच सप्ताह के लिए चलाया जाएगा। प्रथम दो सप्ताह स्कूल में सरकारी, प्राइवेट, मिशनरी, मदरसे, मांटेसरी में , अगले दो सप्ताह में समुदाय आधारित क्षेत्रों में और अंतिम एक सप्ताह में छूटे हुए क्षेत्रों में बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। प्रदेश में 7.64 करोड़ बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य हैै। आजमगढ़ में 17,64,297 बच्चों का एमआर वैक्सीन से टीकाकरण किया जाएगा।