आजमगढ़। अब शासन की ओर से हैसियत प्रमाण-पत्र भी आनलाइन जारी किए जाएंगे। लोगों को हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन ने हैसियत प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रणाली शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके बार में जिला प्रशासन को भी निर्देशित किया गया है। अब जनसुविधा केंद्र से ही प्रमाण पत्र के लिए आवेदन हो जाएगा। हैसियत प्रमाण-पत्र के लिए आफलाइन आवेदन करने के बाद रिपोर्ट लगवाने के लिए आवेदनकर्ताओं को कलेक्ट्रेट के साथ ही तहसील के चक्कर काटने लगाने पड़ते थे। प्रमाण-पत्र का लंबे समय तक दबाकर उनका आर्थिक दोहन भी होता था। इससे आवेदनकर्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब आनलाइन आवेदन के बाद अधिकारियों को भी ऑनलाइन ही रिपोर्ट देनी होगी। नई प्रक्रिया में दो दिन के भीतर लेखपालों को रिपोर्ट देनी होगी। इसे अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में शासन के प्रमुख सचिव सुरेश चंद्रा ने सभी जिलाधिकारियों को शासनादेश से अवगत करा दिया है। हैसियत प्रमाण पत्र के लिए कर्मचारी मनमाने ढंग से पैसा ले लेते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। शासन से आवेदन शुल्क सौ रुपये निर्धारित किया गया है। दस रुपये जनसुविधा केंद्र संचालक को देने होंगे।
ऑनलाइन हैसियत प्रमाण पत्र के लिए जनसेवा केंद्र या राज्य सरकार के सिटिजन पोर्टल पर लॉग इन करने के साथ आवेदन करना होगा। आवेदक के मोबाइल पर ओटीपी भी आएगा। ओटीपी को दर्ज करने के बाद आगे की प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। प्रक्रिया के शुरू होने से आम आदमी को हैसियत प्रमाण पत्र के लिए ज्यादा परेशानी नहीं होगी।
नरेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन।