फूलपुर। शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में फूलपुर तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस पर अनुपस्थित रहने पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी का दो दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। इस दौरान कुल 120 मामले प्रस्तुत हुए जिसमें से उन्होंने 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कर शेष मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया। समाधान दिवस पर जिलाधिकारी लगभग 11 बजे पहुंचे। माहुल और सलारपुर में खाद्यान्न वितरण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ग्रामीण इलाकों में अधूरे बने शौचालयों को लेकर काफी संवेदनशील थे। उन्होंने राजस्व गांव झकहा, दसमड़ा, शाहजेरपुर, चकबहार, बेला आदि गांवों में बने अधूरे शौचालयों की स्थिति का ब्यौरा मांगा। किन गांवों में सफाई कर्मी तैनात हैं और किन गांव में तैनाती नहीं हो सकी है इसकी भी जानकारी मांगी। डीएम के इस फरमान पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी तुरंत गांव की तरफ रवाना हो गए। डीएम ने कहा कि यदि लोग काम नही करेंगे तो दंडित किए जाएंगे, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब लोग भ्रष्टाचार को भूल जाएं। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों का उपाय मेरे पास है। मीरअहमद और बूढ़ापुर बदल में विद्युत पोल और आपूर्ति को लेकर बिजली विभाग के एसडीओ और जेई को तलब किया। बिलारमऊ से शाहजेरपुर तक जर्जर मार्ग की शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की। इस मौके पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि, सीओ रविशंकर प्रसाद, सीएमओ डा. रिवंद्र कुमार, पीडी डीडी शुक्ला, एसडीएम आशाराम यादव, तहसीलदार जंगबहादुर यादव, नायब तहसीलदार विराट पांडेय, कोतवाल नागेश उपाध्याय आदि उपस्थित थे। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस बाबा की खजूरी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा कि शासन के फरमान के बाद भी गांव में बहुत कम शौचालय दिया गया है। जबकि पात्रों को मिला ही नहीं। गांव में ग्रामीणों का राशन कार्ड भी नहीं बना है।एसडीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया। सगड़ी प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र में दुकानदारों, पेट्रोल पंपों सहित अन्य जगहों पर एक रुपए का छोटा सिक्का न लिए जाने पर एडीएम वित्त वीके गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। लुचुई गांव निवासी हेमंत कुमार पाल समाचार पत्र विक्रेता है उनका कहना है कि हम लोग अखबार बांटते हैं तो उसमें छोटे सिक्के भी मिलते हैं वहीं जब हम लोग छोटा सिक्का लेकर दुकानदार और पेट्रोल पंपों पर साथ ही कहीं भी कोई सामान लेने जाते हैं। तो दुकानदार एक रुपये का छोटा सिक्का लेने से इंकार कर देता है। एडीएम वित्त बीके गुप्ता ने बताया जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं राशन कार्ड में नाम काटे जाने पर चौको खुर्द और ब्रह्मौली के ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एडीएम के समक्ष कुल 53 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से चार का मौके पर निस्तारण हुआ।