आजमगढ़। पूर्वांचल विवि शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष एवं शिब्ली नेशनल कालेज में डा. एसजेड अली उर्फ जिम्मी ने कहा कि अब तक शिक्षकों, छात्रों, अधिवक्ताओं और जनपदवासियों ने धैर्यपूर्वक तीन वर्षों से राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग की। अब जनपदवासियों का धैर्य जवाब दे रहा है। आगामी विधान सभा सत्र में विवि की मांग को लेकर विधानसभा पर प्रदर्शन किया जाएगा। जनपद महाविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री डा. इंद्रजीत ने कहा कि प्रदेश सरकार आवासीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर जनपदवासियों के धैर्य की परीक्षा न ले। अन्यथा आगामी लोकसभा चुनाव में खामियाजा भुगतना होगा। चंडेश्वर महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. प्रवेश सिंह ने कहा कि विवि के लिए जनपद भाजपा इकाई और जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह मानसिक रूप से तैयार हैं। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में अब तक कोई पहल नहीं की है। विवि की मांग को लेकर महाविद्यालय शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकगण कमर कस चुके हैं। इसे लेकर लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने का संकल्प ले चुके हैं।