आजमगढ़। शहर के तीन चौराहों पर एक माह के अंदर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चालकों का चालान किया। कार्यक्रमों का आयोजन कर आम लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उक्त निर्देश डीएम ने शुक्रवार को अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि लोक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। क्षतिग्रस्त सड़कों से जहां जनमानस को आवागमन में असुविधा होती है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी प्रबल होती है। निर्देश दिए कि शहर के कम से कम तीन चौराहों पर एक माह के अन्दर ट्रैफिक सिग्नल अवश्य लगवा दिए जाएं। डग्गामार बसों के संचलन पर रोक लगाने के साथ ही बिना हेलमेट गाड़ी न चलाने देने को कहा। चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रावाई के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा के बारे में स्कूली बच्चों को विशेष रूप से जागरूक करने के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम चलाकर आमजन को नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर सीडीओ अभिषेक सिंह, एडीएम प्रशासन लवकुश कुमार त्रिपाठी, एसडीएम सदर प्रशान्त कुमार सहित परिवहन, पुलिस, सूचना, लोनिवि, स्वास्थ्य आदि विभागों के संबंन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।