आजमगढ़। राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने और वेतन की मांग को लेकर डा. अंबेडकर पार्क में आशा बहू कल्याण समिति का चल रहा धरना सातवें दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। धरने को संबोधित करते हुए मीनू भारती ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है।
उन्होंने कहा कि सरकार दोहरी नीति अपना कर हमारा आर्थिक शोषण कर रही है। जब तक सरकार आशा बहुओं की मांग को पूरा कर न्याय नहीं देती तब तक सबका साथ, सबका विकास का सपना अधूरा रहेगा। ब्लाक अध्यक्ष मिर्जापुर रीता देवी ने कहा कि भाजपा की वर्तमान सरकार भी सपा सरकार की तरह ही साबित हो रही है। इस सरकार में सिर्फ कोरे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार हमारी मांग को पूरा नहीं करती है तो न तो हम सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करेंगे और न किसी को करने देंगे। इस मौके पर वंदना राय, रीनू राय, उषा शुक्ला, सुनीता, दुर्गावती, संगीता, मालती, कुंती सहित अनेक आशा बहूएं उपस्थित रही।