अतरौलिया। बूढ़नपुर तहसील के उपटापार बांसगांव में ग्राम समाज की जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। जानकारी के बाद भी स्थानीय प्रशासन मौन है। क्षेत्र के योगेंद्र यादव ने गत दिनों बूढ़नपुर उपजिलाधिकारी को पत्र दे कर ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत की थी। लेकिन अभी तक कब्जा नहीं हटवाया गया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंटी भू-माफिया टीम का गठन कर सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने का निर्देश दिया था। लेकिन बूढ़नपुर तहसील में अधिकारी इस आदेेश का सही ढंग से पालन नहीं कर रहे हैं। क्षेत्र के उपटापार बांसगांव के गाटा संख्या 132 जो कि चकमार्ग के रूप में अंकित है, जिस पर कुछ वर्षों से गांव के ही एक व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। जिससे गांव में आने-जाने वाले राहगीरों ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। इस संबंध में गांव के ही योगेंद्र यादव ने उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर सहित जिले के आलाधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत भी कराया। योगेंद्र ने बताया कि शिकायत के बाद भी अब तक उक्त स्थान से प्रशासन ने कब्जा नहीं हटवाया है।