आजमगढ़। भाजपा सांसद नीलम सोनकर द्वारा बूढनपुर, अहरौला और ठेकमा बाजार को नगर पंचायत बनाने के लिए प्रस्ताव मांगा गया था। इसके लिए एसडीएम मार्टीनगंज और बूढनपुर को जिले से पत्र भेजा गया लेकिन अब तक उनके द्वारा इसका प्रस्ताव नहीं भेजा गया। इस पर एडीएम प्रशासन ने पत्र भेजकर तत्काल प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जनपद में दो नगरपालिका और 13 नगर पंचायतें पहले से ही है। अब लालगंज से भाजपा सांसद नीलम सोनकर ने बूढ़नपुर, अहरौला और ठेकमा को भी नगर पंचायत बनाने की मांग की है। उनकी इस मांग पर जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने 26 जून को एसडीएम बूढ़नप़ुर और मार्टीनगंज को पत्र भेजकर प्रस्ताव देने को कहा। लेकिन उनके द्वारा प्रस्ताव नहीं भेजा गया। 20 सितंबर को और 28 अक्टूबर को एडीएम प्रशासन की ओर से उन्हें रिमाइंडर भेजा गया। लेकिन इसके बाद भी दोनों ने प्रस्ताव बनाकर नहीं भेजा। इस पर एडीएम प्रशासन ने मंडलायुक्त के निर्देश पर दोनों एसडीएम को पत्र भेजकर तत्काल प्रस्ताव भेजने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनके द्वारा इसमें देर की जाती है इसके उत्तरदायी वह स्वयं होंगे।