मेंहनगर। विकास खंड मुख्यालय स्थित कृषि रक्षा ईकाई केंद्र पर गेहूं के बीज की कमी के चलते किसान खुले बाजार से मिलावटी और अधिक मूल्य पर खरीदने को मजबूर हैं। रवि की बुवाई का जहां पीक आवर चल रहा है वहीं किसान बीज के लिए परेशान हैं। अच्छे बीज की आस में किसानों ने आन.लाइन रजिस्ट्रेशन कराया। रजिस्ट्रेशन के बाद किसानों को 40 किग्रा वजन का गेहूं का बोरा 1370 रुपये में मिलता है। बाद में सरकार की ओर से उस पर 65 प्रतिशत की सब्सिडी उनके खातों में भेजी जाती है। जिससे किसानों को सुविधाजनक प्रक्रिया से बीज उपलब्ध हो जाता है। लेकिन कृषि रक्षा इकाई पर बीज न होने से किसानों की मुश्किल बढ़ गई है। वह बाजार से ऊंचे दामों पर बीज खरीदने को विवश हैं। कृषि रक्षा ईकाई के प्रभारी अजीत कुमार ने बताया की मेरे केंद्र पर तीन दिन पहले एचडी 2967, 3086, पीबीडब्लू 509 प्रजाति का गेहूं उपलब्ध था। जो अब नहीं है इस संबंध में उच्चाधिकारियों केे अवगत करा दिया गया है। जल्द ही बीज आने की उम्मीद है।