अहरौला (आजमगढ़)। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं को ग्राम सभा के पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए भाजपा की ओर से देवहट्टा, गहजी और हसनाडीह में चौपाल लगाई गई। जिसमें ग्रामीणों को सरकारी की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याएं सुनी गई। हाल यह है कि कहीं चौपाल में प्रधान नदारत हैं तो कहीं ब्लॉक कमीर्। ग्रामीण तो अपनी शिकायत लेकर चौपाल में पहुंच रहे हैं और संगठन को अपनी बात से अवगत करा रहे हैं लेकिन संबंधित अधिकारी के मौके पर ना होनेे से ग्रामीणों में निराशा दिख रही है। हालांकि चौपाल कार्यक्रम के भाजपा के जिला प्रभारी विनोद उपाध्याय ने कहा कि संबंधित ब्लाकों पर चौपाल में ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारियों को पहुंचने के सख्त निर्देश हैं। इसी क्रम में अहरौला ब्लाक के देवहट्टा, गहजी, हसनाडीह आदि गांव में चौपाल लगाई गई। चौपाल में प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, पेंशन,कोटे के अनाज की सबके ज्यादा शिकायत मिल रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित लोगों द्वारा अपने लोगों में योजनाओं का आवंटन कर दिया जा रहा है भले वह पात्र ना हो। गहजी चौपाल में ब्लॉक के एडीओ कॉपरेटिव अनिल राय पहुंचे थे। उन्हें विभिन्न योजनाओं के पात्रों की सूची सौंपी गई। वही देवहट्टा में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी राम आसरे यादव पहुंचे थे। इस मौके पर चौपाल के जिला प्रभारी विनोद उपाध्याय, अहरौला मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, बिरजा तिवारी, जिलेदार सिंह, राकेश सिंह, प्रदीप सिंह, सोनू सिंह, अजय श्रीवास्तव, अमित राय आदि उपस्थित थे।