आजमगढ़। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम कैंप कार्यालय पर धान खरीद में प्रगति लाने के लिए समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने बताया कि मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत किसानों को उनकी उपज का लाभाकारी मूल्य दिलाने, धान खरीद में आ रही शिकायतों के निवारण और किसानों को योजना का लाभ पहुंचाने के लिए दो से 15 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। समीक्षा के दौरान बताया गया कि धान खरीद के लिए खाद्य विभाग, पीसीएफ, यूपी एग्रो, कर्मचारी कल्याण निगम आदि के कुल 63 केंद्र बनाए गए हैं। खाद्य विभाग ने 25000 एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 3494.21 एमटी, पंजीकृत सहकारी समितियों ने क्रय लक्ष्य 20000 एमटी के सापेक्ष 1107, पीसीएफ ने 33000 के सापेक्ष 1102.66, यूपी एग्रो ने 10000 के सापेक्ष 444.46, कर्मचारी कल्याण निगम के 9000 के सापेक्ष 557.82 और भारतीय खाद्य निगम के केंद्रों ने 1600 एमटी के सापेक्ष 313.97 की धान खरीद की है। धान खरीद की अब तक की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने सभी क्रय एजेंसियों के प्रबंधकों को तेजी लाने के निर्देश दिए। अभी तक पीसीएफ की ओर से लक्ष्य के सापेक्ष 3.34 फीसदी खरीद कई गई है। प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि धान को मिलर्स को समय से डिलीवरी कराना सुनिश्चित करें। डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल के नेतृत्व में सचल दल का गठन किया। यह दल जनपद के सभी धान क्रय केन्द्रों की निगरानी करेगा। इस मौके पर डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल, सभी क्रय एजेन्सियों के प्रबन्धक सहित बाटमाप निरीक्षक उपस्थित रहे।