मेजवां। बिहार में भीषण बाढ़ के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। बाढ़ के कारण गरीब नवाज एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं टिकट खिड़की पर रिफंड के लिए यात्रियों की भीड़ रही।
शाहगंज, आजमगढ़, मऊ के रास्ते सप्ताह में तीन दिन तक चलने वाली 15715/15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस को बिहार में आई भीषण बाढ़ के चलते रेल परिचालन ने मंगलवार को निरस्त कर दिया। वहीं अमृतसर से जयनगर तक चलने वाली 14650 सरयू-यमुना खुरासन रोड स्टेशन पर पांच घंटा विलंब से आई। बता दें कि अजमेर से किशनगंज तक गरीब नवाज सप्ताह में तीन दिन तक शाहगंज आजमगढ़ के रास्ते बिहार जाती है। ट्रेन के निरस्त होने की सूचना से स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्रियों में खलबली मच गई। हर कोई पूछताछ केंद्र पर जानकारी लेने और अपना पैसा रिफंड कराने पहुंच गया। जिसके चलते खिड़की पर भारी भीड़ जमा हो गई।