आजमगढ़। 15 अगस्त तक संचालित होने वाले खुले में शौच से आजादी जागरूकता सप्ताह के तहत गुरुवार को प्रभारी डीएम अभिषेक सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सफाईकर्मियों की मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर रैली निकाल खुले में शौच के प्रति जागरूक किया गया। अक्टूबर 2018 तक जिले को खुले में शौचमुक्त बनाने का आह्लान किया गया।
इसके पहले कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि खुले में शौच मुक्त अभियान में बाधा बनने वाले सरकारी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पल्हनी ब्लाक के कटघर ग्राम पंचायत में ट्रिगरिंग के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकांत यादव और सहायक अध्यापक आफताब अहमद, रोजगार सेवक अजय पाल और ग्राम विकास अधिकारी अरविंद यादव की ओर से कार्य में सहयोग नहीं किया गया। अभद्रता भी की गई। इस सम्बंध में बीएसए और डीडीओ को कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रावाई की संस्तुति भेजी गई है।
उन्होंने बीएसए, डीआईओएस, सीएमओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी और पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम स्तरीय कर्मचारी, अध्यापक, एएनएम एवं आशा, आंगनवाड़ी, कार्यकत्री/सहायिका, कोटेदार को निर्देशित करें कि अभियान में सहयोग करें। सभी कर्मचारी आने घर में शौचालय बनवाएं। बेस लाइन सर्वे में चिह्नित 25-25 लोगों को प्रेरित कर शौचालय बनवाएं। एसीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल ने हाथ धोने का के तरीके का प्रशिक्षण दिया। पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा ने कहा कि कोटेदार अपनी दुकान पर बैनर लगाएं। जिन्होेंने शौचालय बनवाया है और प्रयोग करते हैं उन्हें पहले खाद्यान्न दें। निगरानी समिति के साथ शौचालय बनवाने और प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। संचालन डीपीआरओ जितेन्द्र मिश्रा ने किया। इसमें सीवीओ ड़. वीके सिंह, डीआईओएस विनोद शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी राजीव रत्न सिंह, समन्वयक सैय्यद हसन नकवी आदि उपस्थित रहे।