लालगंज(ब्यूरो)। तहसील क्षेत्र के खनियरा गांव में चार दिनों से बिजली नहीं आ रही है। इससे किसान धान की रोपाई सहित अन्य कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शनिवार को आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
फाल्ट के चलते विकास खंड लालगंज के खनियरा गांव में चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। इस संबंध में ग्रामीणों ने विभाग के कर्मचारियों को सूचना भी दी। लेकिन चार दिन हो गया कोई कर्मचारी फाल्ट सही करने नहीं आया। बिजली न रहने से सबसे ज्यादा परेशान किसान हैं। धान की रोपाई का समय चल रहा है। बिजली न रहने से ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। किसान परेशान हैं। किसानों ने विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उधर इस संबंध में एसडीओ दिनेश ने कहा कि शनिवार को कर्मचारियों को भेजकर फाल्ट को सही करा आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।