आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के करतालपुर बाईपास बंधे पर राजघाट के पास स्थित फ्लिपकार्ट एजेंसी से हुई साढ़े छह लाख की लूट का खुलासा रविवार को शहर कोतवाली पुलिस ने साढ़े सोलह हजार रुपये की बरामदगी के साथ किया है। एक बदमाश को भी गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। वहीं, उसके तीन अन्य साथी अभी फरार है। चार माह के लंबे समय व एडीजी चेतावनी के बाद पुलिस इस प्रकरण का खुलासा कर सकी है।
छह फरवरी की रात लगभग साढ़े सात बजे चार की संख्या में बदमाश एजेंसी में घुसे और सभी कर्मचारियों को असलहे के बल पर एक तरफ कर कैश काउंटर से 6.31 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे। शहर क्षेत्र में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। घटना के बाबत जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बालापुर गांव निवासी अभय कुमार मिश्रा पुत्र नरेंद्र मिश्रा ने मुकदमा पंजीकृत कराया था। साढ़े चार माह के लंबे अंतराल के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार को साढ़े छह लाख की लूट का खुलासा कर दिया। साथ ही साढ़े सोलह हजार रुपये भी बरामद किया। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने एक बदमाश वंश कुमार उर्फ कामू यादव पुत्र सुबेदार यादव निवासी पश्चिम का पुरा थाना कंधरापुर को करतालपुर स्थित एक स्कूल से रविवार की भोर में चार बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के पहुंचने पर वंश कुमार मौके से भागने लगा और पुलिस टीम पर फायर भी किया, लेकिन पुलिस ने खुद को सुरक्षित रखते हुए घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से लूट के हिस्से में मिले 50 हजार में शेष बचे 16500 रुपये नकद, एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही अभियुक्त की निशानदेही पर एजेंसी से लूटे गए स्कैनर को भी बरामद किया गया।