आजमगढ़। कमिश्नरी सभागार में मंडल के तीनों जनपदों के विकास कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बढ़ते अपराध को लेकर चिंतित दिखे। लगभग साढ़े तीन घंटे चली बैठक का आधा हिस्सा कानून व्यवस्था पर केंद्रित रहा। उन्होंने तीनों जनपदों के एसपी को साफ निर्देश दिए कि बढ़ते अपराध पर तुरंत और प्रभावी लगाम लगाई जाए। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इसके साथ ही 50 लाख से ज्यादा की लंबित परियोजनाओं को अभियान चलाकर पूरा करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान योजना आदि की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ सुबह 10.40 बजे राजकीय हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन और 10.50 बजे कमिश्नरी सभागार पहुंचे। तीनों जिलों की समीक्षा के दौरान कहा कि संवाद वन-वे नहीं होना चाहिए। आमजन के साथ जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखें। ताकि लखनऊ तक भागदौड़ करने से बचाया जा सके। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान आपराधिक घटनाओं में कमी न आने पर नाराजगी जताई। मऊ में वाहनों पर लाल एवं नीली बत्तियों के प्रयोग पर खिन्न दिखे। कहा कि समाज विरोधी एवं राष्ट्र विरोधी तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थानावार टॉंप-10 अपराधियों की सूची तैयार करें। एक ही स्थान पर कार्यरत और अपराधियों के साथ सांठगांठ रखने वाले पुलिसकर्मियों की भी सूची तैयार करें। कहीं भी कोई आपराधिक घटना होती है तो थाने के साथ सर्किल के अधिकारी को भी जिम्मेदार मान कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस, बिना हेल्मेट कोई भी वाहन चलाते मिले तो कार्रवाई करें।
तीनों जनपदों में स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत जियो टैगिंग की स्थिति खराब होने पर नाराजगी जताई। कहा कि मंडल जब तक पूरी तरह से ओडीएफ नहीं हो जाएगा तब तक स्वच्छ भारत अभियान चलता रहेगा। सुविधाओं के अभाव में किसी की मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग को कार्रवाई के लिए चेताया। सफाई पर भी नाराज सीएम ने कहा कि पॉलिथीन और थर्माकोल के प्रति पूरी ताकत के साथ अभियान चलाएं। पीएम आवास शहरी में अवैध उगाही पर एफआईआर दर्ज कराएं। आयुष्मान भारत में गोल्डेन कार्ड वितरण कम मिलने पर असंतोष व्यक्त किया। कहा कि एक से सात जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जा रहा है। स्कूल के सभी बच्चों से एक पौधा लगवाएं। सभी जिला मुख्यालयों पर एक सुंदर पार्क के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। आजमगढ़ में विश्वविद्यालय के लिए जल्द से जल्द भूमि चयन करने को कहा। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। निर्माणाधीन मार्टीनगंज तहसील भवन की जांच के निर्देश दिए।