आजमगढ़। तमसा सफाई, स्वच्छता, वृहद पौधरोपण और संरक्षण अभियान के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में तमसा परिवार की ओर से गुरुवार देर शाम नेहरू हाल में कार्यक्रम हुआ। उद्घाटन डीएम शिवाकान्त द्विवेदी, एडीएम प्रशासन नरेन्द्र सिंह और तमसा परिवार के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डीएम ने एक साल पूरे होने पर तमसा परिवार के सदस्यों को साधुवाद दिया।
उन्होंने कहा कि तमसा परिवार के समर्पण, उत्साह के बल पर ही अभियान चल रहा है और चलता रहेगा। बताया कि तमसा नदी के किनारे पांच पार्क बनने जा रहे हैं। अगले 10 दिन के अंदर सिधारी पुल के पास 12 फीट चौड़े और 800 मीटर लंबे वॉकिंग प्लाजा का कार्य शुरू हो जाएगा। इसी के साथ ही शहर में तीन एसटीपी लगना है। जो नाले तमसा नदी में सीधे गिर रहे हैं, उसको टैप किया जाएगा, ताकि तमसा नदी में गंदगी न हो। तमसा नदी जिन-जिन गांवों में होकर गुजरी है, उस गांव में स्थित तालाबों को गहरा किया जाएगा। तालाबों के चारों तरफ पौधरोपण किया जाएगा ताकि नदी का जल स्तर बना रहे। कूड़ा-कचरा फेंकने वाले और शौच करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ईओ आजमगढ़ को निर्देशित करते किया कि चार कर्मचारी तमसा नदी के लिए नियुक्त करें जो तमसा नदी पर प्रतिदिन जाए और नदी के किनारे शौच करने वालों को चिह्नित करें। तमसा परिवार के प्रवीण सिंह, अरविन्द चित्रांश, डॉ. पूनम सिंह, उमेश सिंह, सीपी यादव आदि ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता कैप्टन अभिराम सिंह ने की। संचालन अरविंद चित्रांश ने किया।