बूढ़नपुर। किसानों के हित के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का संचालन कर रही है। इसके तहत किसानों को साल में छह हजार रुपये की धनराशि मिलनी है। योजना शुरू होने के साथ ही दो-दो हजार रुपये की पहली किस्त किसानों को दी जा चुकी है। अप्रैल में दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई। वहीं बूढनपुर तहसील क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को आज तक पहली किस्त ही नहीं मिल सकी है। जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है लोग विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे है।
केंद्र सरकार द्वारा योजना की शुरूआत किये जाने की घोषणा होने पर क्षेत्र के आठ बीघे से कम खेती वाले किसानों ने लेखपाल के पास खतौनी, आधार कार्ड व बैंक पासबुक की कापी जमा कर दिया था। अब तक ये किसान सम्मान निधि खाते में आने का इंतजार कर रहे है, लेकिन खाते में एक भी किस्त अब तक नहीं पहुंची है। छह मार्च को पहली तो पांच अप्रैल को दूसरी किस्त किसानों के खाते में भेजी गई। काफी संख्या में किसानों के खाते में सम्मान निधि की धनराशि आयी भी लेकिन तहसील क्षेत्र के सैकड़ों किसान ऐसे भी है, जिन्हें अब तक एक भी किस्त नहीं मिली है। बासथान गांव निवासी लालजी पांडेय, राधेश्याम, सूर्यनाथ ने बताया कि सम्मान निधि का एक भी रूपया अब तक खाते में नहीं आया है। तहसील व कृषि विभाग का चक्कर लगार कर वे थक चुके है। शाहपुर गांव निवासी बच्चा लाल, संजय मुरारी, अरविंद का कहना है कि विभागीय लापरवाही के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कुछ किसानों का यह भी आरोप है कि जिन लोगों ने लेखपाल को पैसा नहीं दिया, उनके खाते में धनराशि नहीं आयी। आक्रोशित किसान अब आंदोलन की रणनीति बनाने लगे है।