आजमगढ़। जनपद की दोनों लोकसभा सीटों आजमगढ़ और लालगंज की मगणना का कार्य गुरुवार की सुबह आठ बजे शुरू होगा। मतगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में मशगूल रहा। अधिकारी बुधवार को दिन में कई बार मतगणना स्थल का निरीक्षण किए। वहां जो भी कमियां थी उसे दुरुस्त करने का निर्देश मातहतों को देते रहे।
लोकसभा चुनाव 2019 की मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए इसकी तैयारियों को अंतिम रूप में बुधवार को जिला प्रशासन जुटा रहा। प्रेक्षक के साथ दोनों लोकसभा क्षेत्र के आरओ, एआरओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी दिन में कई बार मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां पर जो भी कमियां मिली उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। मतगणना के लिए टेबल लगाने का कार्य लगभग सभी कक्षों में दोपहर तक पूरा कर लिया गया था। इतना ही नहीं हर कक्ष में कंप्यूटर, कूलर और इंटरनेट कनेक्शन के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शाम तक पूरा कर लिया गया था। वहीं दोनों मतगणना केंद्रों की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग आदि का कार्य पूरा कर लिया गया था। वहीं मतगणना स्थलों पर मैटिंग आदि का कार्य मजदूरों द्वारा तेजी से किया जा रहा था। मतगणना स्थल पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से वैकल्पिक शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। मतगणना के लिए टेबल के बाद बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेडिंग के दूसरी तरफ राजनीतिक पार्टियों के मतगणना कर्मियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उनके बैठने के लिए कुर्सी आदि लगाई गई है।