आजमगढ़। मतगणना के बाद प्रत्येक विधानसभा की रैंडमवार पांच-पांच वीवीपैट की पर्चियों की गणना कर रिजल्ट से इसका मिलान किया जाएगा। इस तरीके से आजमगढ़ सीट पर 25 और लालगंज सीट पर 25 वीवीपैट की पर्चियों से मिलान किया जाएगा।
वीवीपैट पर्चियों के औचक मिलान को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही साफ कर दिया है कि मिलान का काम हर विधानसभा क्षेत्र में केवल पांच मतदान केंद्रों पर ही होगा। पहले पर्ची मिलाने का काम प्रति विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र के लिए लॉटरी प्रणाली के माध्यम से चयनित केंद्र के लिए होता था। वीवीपैट मशीनें सभी मतदान केंद्रों पर लगाई गई हैं। कहा जा रहा है कि इस प्रक्रिया से परिणामों की घोषणा पर कोई अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। फिर भी जनपद की दोनों लोकसभा सीट पर परिणाम अपेक्षाकृत कुछ देर से आने की बात कही जा रही है। चर्चा है कि प्रत्याशी को ईवीएम से गणना के बाद परिणाम का पता चल जाएगा, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा में लगभग दो घंटे की देरी हो सकती है। वीवीपैट मशीन में सभी प्रत्याशियों के सिंबल फीड होते हैं। पर्ची पर अंकित चुनाव चिह्न से ही उसकी गिनती होती है। मतगणना के दौरान ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों का लॉटरी द्वारा चयन किया जाएगा। मिलान की प्रक्रिया मतगणना के आखिरी राउंड के समाप्त होने पर की जाएगी।
रिजल्ट न देने और मॉकपोल क्लियर न होने पर गिनी जाएंगी पर्चियां
मतगणना के दौरान यदि कोई सीयू रिजल्ट शो नहीं करता है या किसी सीयू से मॉक पोल क्लियर नहीं किया गया है तो ऐसी स्थिति में वीपीपैट की पर्चियां गिनीं जाएंगी। इसके आधार पर रिजल्ट घोषित किया जाएगा। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि मतगणना के दौरान यदि कोई ईवीएम रिजल्ट नहीं देता है या किसी ईवीएम पर मॉकपोल क्लियर नहीं होता है तो उस ईवीएम के वीवीपैट पर्ची से वोटों की गिनती होगी। मतगणना के दौरान यदि किसी राउंड के ईवीएम में यह समस्या आती है तो उसे वहीं ब्रेक कर दिया जाएगा। अंत में उसके वीवीपैट की पर्ची के माध्यम से वोटों की गिनती होगी। इसके बाद परिणाम की घोषणा होगी।
एक साथ शुरू होगी पोस्टल बैलेट और ईवीएम की मतगणना
आजमगढ़। पोस्टल बैलेट और ईएवीएम की मतगणना एक साथ शुरू की जाएगी। विधानसभा की 14 टेबलों पर ईवीएम की मतगणना होगी और आरओ टेबल पर पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। ऐसा रिजल्ट जल्द घोषित करने के लिए किया गया है। मतगणना के लिए के लिए इस बार विधानसभावार 14 टेबल लगाए गए हैं। इसके साथ ही पोस्टल बैलेट की गणना के लिए चार टेबल अलग से लगाने की बात कही गई थी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि विधानसभावार ईवीएम और पोस्टल बैलेट की गणना एक साथ ही शुरू कराई जाएगी। 14 टेबलों पर ईवीएम से गणना होगी। वहीं, आरओ टेबल पर पोस्टल बैलेट की गणना शुरू कर दी जाएगी। ऐसे परिणाम समय से देने के लिए किया जा रहा है।