आजमगढ़। पॉलीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा 26 मई को 22 केंद्रों पर आयोजित होगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 12902 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसके लिए राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज के प्रधानाचार्य को नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा के लिए प्रत्येक केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात करने की तैयारी की गई है।
शासन की ओर से पॉलीटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न कोर्सों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। जनपद में 12902 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल ाहेंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगी। परीक्षा में नकल रोकने और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिला प्रशासन को सचिव प्राविधिक शिक्षा विभाग भुवनेश कुमार की ओर से निर्देशित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ ही जोनल मजिस्ट्रेट और सीओ आदि की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के साथ ही पीएससी की तैनाती होगी। मजिस्ट्रेट के तौर पर जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती के लिए कहा गया है। प्रत्येक केंद्र पर अधिकतम 500 अभ्यर्थी रहेंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अधिकतर केंद्र शहर में ही बनाए गए हैं। शहर से बाहर सिर्फ एक केंद्र दुर्गाजी पीजी कालेज चंडेश्वर को बनाया गया है। शासन से निर्देश मिलने के बाद प्रशासम की ओर मजिस्ट्रेट की तैनाती शुरू कर दी गई है।