बूढ़नपुर। ब्लाक कोयलसा में रविवार को जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डीएम शिवाकान्त द्विवेदी थे। ग्रामप्रधान, कोटेदार, क्षेत्रपंचायत सदस्य, सफाईकर्मी, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। डीएम के सुबह नौ बजे आने की बात कही गई थी। बाद में इसे 11 बजे बताया गया। शाम चार बजे तक लोग डीएम का इंतजार करते रहे। न आने की सूचना मिली तो नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। समाजसेवी लक्ष्मी चौबे ने बताया कि सारा काम छोड़कर प्रात: आठ से ही ब्लाक का चक्कर लगा रहा हूं। बांसी जप्ती माफी, हूंसेपुर सनूप, असरफपुर सहित दर्जनों गांव के कुछ पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड से वंचित कर दिया गया है। पात्र व्यक्तियों की छह महीने पूर्व लिस्ट जमा कर दी गई थी। इसके बाद भी आज तक आनलाइन नहीं कराया गया। इस संबंध में डीएम को ज्ञापन देना था। रत्नावे निवासी शुभम उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में बिजली मात्र चार घंटे ही आती है। मीटर लगाने के नाम पर कर्मचारियों द्वारा धनउगाही की जा रही है। इसके संबंध में ज्ञापन देना था। लखनपुर निवासी शिवा पांडेय, परवेज माली ने बताया कि पशुओं का टीकाकरण नहीं हुआ है। कोई चिकित्सक भी नहीं है। इसके संबंध में ज्ञापन देना था। चुमकुनी निवासी सुदीप जैसवारा ने बताया कि गांव के सारे इंडिया मार्का हैंडपम्प खराब पड़े हैं। देसी हैंडपंप दूषित जल दे रहे हैं। जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराना था। पूर्व सूचना के बावजूद भी जिलाधिकारी के न पहुंचने पर नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन और नारेबाजी की।