आजमगढ़। भादी मावस पर पुरानी सब्जी स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में श्री राणीसती श्याम भक्त मंडल की ओर से शनिवार की देर शाम राणी सती का वार्षिक भव्य शृंगार और भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। इसमें कानपुर से आए कलाकारों ने राणी सती, पवनपुत्र हनुमान, भगवान श्री गणेश और राधा कृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रही। देर शाम धर्मशाला में दादी की ज्योत प्रज्ज्वलित की गई और उन्हें छप्पन भोग लगाया। कानपुर से आए राम ने अपने भजनों का सिलसिला शुरू किया तो रात 10 बजे तक भक्तगण उनके भजनों पर झूमते रहे। उन्होंने लावा थारी चुनरी करियो मां स्वीकार और रची थारा हाथों में मेहंदी आदि सुंदर भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद, दिल्ली से आई गौरी अग्रवाल ने एक से एक सुंदर भजनों से भक्तों को रात 12 बजे तक झूमने और नाचने पर विवश कर दिया। उन्होंने कीर्तन की है रात दादी आज थाने आनो है और जगदंबे भवानी मैया तेरे त्रिभुवन पर छायो राज है आदि सुंदर भजनों से पूरा वातावरण दैवीमय कर दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष शोभित अडूकिया, अनूप अग्रवाल, भोलनाथ जालान, नवल किशोर डालमिया, प्रदीप बैरसिया, नीरज गोयनका, संजय डालमिया, चुन्नीलाल जालान, दीपक अडूकिया, परितोष रूंगटा, अमित गोयल, देवप्रकाश बैरासिया, अभिषेक खंडेलिया, सौरभ डालमिया, हिमांशु डालमिया आदि उपस्थित रहे।