आजमगढ़। साथी की हत्या और अपनी सुरक्षा के मुद्दे पर मुखिया से स्पष्ट दिशा निर्देश न मिलने पर जिले में तैनात आशा बहुएं आक्रोशित हो उठी है। आशा बहु कल्याण समिति के बैनर तले आशा बहुओं ने रविवार को पोस्टमार्टम हाऊस पहुंच कर आक्रोश जताया और सीएमओ से वार्ता के पश्चात सोमवार से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। इसके साथ ही पोलियो अभियान के बहिष्कार का भी संगठन ने निर्णय लिया है।
लालगंज क्षेत्र में शनिवार की रात धान की रोपाई करने गई महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। महिला आशा के पद पर कार्यरत थी। इसकी जानकारी होने पर आशा बहु कल्याण समिति से जुड़ी आशा बहुएं रविवार को पोस्टमार्टम हाऊस पर जुट गई और साथी के साथ हुए घटना पर आक्रोश जताया। इसके पश्चात जिलाध्यक्ष विभा राय के नेतृत्व में आशा बहुएं सीएमओ से मिली और साथी की हत्या व अपनी सुरक्षा के मुद्दे पर वार्ता की। वार्ता के दौरान मुखिया सीएमओ आशा बहुओं को संतुष्ट नहीं कर सके। जिस पर आशा बहुओं ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आशा बहुएं अब साथी के हत्यारों की गिरफ्तारी और अपने सुरक्षा के मुद्दे पर सीएमओ द्वारा कोई स्पष्ट निर्णय लिये जाने तक हड़ताल पर रहेंगी। इस दौरान पोलियों अभियान का भी बहिष्कार किया जायेगा। इस अवसर पर जिला संरक्षक उमाशंकर सिंह, कल्याण सिंह, आशा चौहान, कुसुम सिंह, बृजबाला सिंह समेत सैकड़ों आशा बहुएं मौजूद रही।