आजमगढ़। पॉलिथीन से पर्यावरण को होने वाले खतरे के प्रति लोगों को आगाह करने और प्रतिबंध के प्रति जागरूक करने के लिए नगर पालिका की ओर से शुक्रवार को शहर में जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। सभासद और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पॉलिथीन की जगह कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने की अपील की गई। रैली में प्रतिभा निकेतन स्कूल के बच्चे भी शामिल रहे। पालिका कार्यालय से अध्यक्ष शीला श्रीवास्तव और अधिशासी अधिकारी विरेन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली बड़ादेव, चौक, पुरानी कोवताली, आसिफगंज, पुरानी सब्जी की मंडी, शंकरजी की मूर्ति से होते हुए पुन: नपा कार्यालय पर आकर समाप्त हुई। लोगों से पॉलीथिन का प्रयोग न करने और दुकानदारों से पॉलिथीन न बेचने की अपील की। बताया कि स्वस्थ पर्यावरण के लिए पॉलिथीन खतरा है। पालिकाध्यक्ष शीला श्रीवास्तव ने कहाकि पर्यावरण की शुद्धता बनाए रखने के लिए पॉलिथीन के प्रयोग से परहेज करना होगा। ईओ विरेन्द्र श्रीवास्तव ने कहाकि पर्यावरण प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण आज पॉलिथीन है। अगर आप बाजार सामान लेने जा रहे हैं तो साथ में जूट, कपड़े और कागज का ही थैला लेकर जाएं। दुकानदारों से अपील की कि पॉलीथिन का प्रयोग न करें।