प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मंदुरी हवाई पट्टी को कार्यक्रम स्थल बनाया गया है। हवाई पट्टी के पूर्वी हिस्से में जनसभा कराने का प्रशासन ने मन बनाया है। जनसभा के लिए रनवे के इर्द-गिर्द गड्ढ़ों में मिट्टी भराई का कार्य शुरू हो चुका है। इसके लिए हवाई पट्टी की उत्तरी दीवार को तोड़ दिया गया है।
बरसात के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 14 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर अपनी सारी तैयारियों को मंदुरी हवाई पट्टी के अंदर कर दिया है। क्योंकि यहां पर जलभराव और कीचड़ आदि की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ेगा। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व 11 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मंदुरी हवाई पट्टी का निरीक्षण करने की संभावना है। जिसे देखते हुए प्रशासन की ओर से मंदुरी हवाई पट्टी को तैयार किया जाने लगा है। इसके लिए हवाई पट्टी की उत्तरी दीवार को तोड़कर रास्ता बनाया गया है। जिसके रास्ते से होकर ट्रैक्टर रवने के दोनों ओर मिट्टी भरने का कार्य कर रहे हैं। ताकि रनवे के दोनों तरफ की भूमि जो काफी नीचे हैं उसे रनवे के लेवल में लाया जा सके। एक तरफ ट्रैक्टरों द्वारा मिट्टी गिराई जा रही है तो दूूसरी तरफ जेसीबी के जरिए मिट्टी को फैलाया जा रहा है।