अतरौलिया। बिजली विभाग इन दिनों बिजली कनेक्शन मुफ्त दे रहा है। इसके बाद भी मीटर लगाने वाली कंपनी उपभोक्ताओं से मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली कर रही है। अतरौलिया के गोरथानी गांव में भी मीटर कंपनी विंटेक के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से अवैध धन की मांग की। इसकी शिकायत होने पर बिजली विभाग ने कंपनी और उसके दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
गोरथानी गांव में बिजली विभाग ने पात्रों में नि:शुल्क कनेक्शन का वितरण किया है। मीटर कंपनी विंटेक के दो कर्मचारी संजय और राहुल गांव में मीटर लगाने के लिए पहुंचे। इन कर्मचारियों ने मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से पैसे की मांग की। इसी दौरान भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा गांव में पहुंच गये। जिनसे ग्रामीणों ने शिकायत की। इस पर उन्होंने बिजली विभाग को प्रकरण की जानकारी दी। शिकायत की जानकारी होने पर अतरौलिया क्षेत्र के अवर अभियंता जयशंकर वर्मा ने बुधवार को अतरौलिया थाने में मीटर कंपनी विंटेक और उसके दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। अतरौलिया क्षेत्र में विंटेक कंपनी की 12 टीमें मीटर लगाने का काम गांव-गांव में घूम-घूम कर कर रही है। मुकदमा दर्ज होने से सभी टीमों में हड़कंप मच गया है।