आजमगढ़। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से नगर से सटे छह गांवों की सूची तैयार कर चकबंदी आयुक्त को भेजी गई है। शासन के निर्देश पर चकबंदी आयुक्त ने आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के अधीन आने वाले उन गांवों की सूची मांगी गई थी जो नगरपालिका क्षेत्र से बाहर हों।
वर्ष 2008 में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण का गठन होने के बाद शहर क्षेत्र से सटे कई गांव के प्राधिकरण के अधीन हो गए। जो गांव प्राधिकरण के अधीन हुए हैं उनमें से कई गांवों में चकबंदी प्रकिया कई वर्षों से जारी है। अभी चकबंदी प्रक्रिया पूरी होती उससे पूर्व की शासन का निर्देश आया कि जो गांव आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के अधीन आ रहे है। उन्हें चकबंदी प्रक्रिया से बाहर किया जाए। इसके लिए चकबंदी आयुक्त द्वारा जिलों से यह जानकारी मांगी गई कि कितने ऐसे गांव हैं जो प्राधिकरण क्षेत्र में हैं। चकबंदी आयुक्त के निर्देश पर एसओसी चकबंदी ने छह गांवों की सूची तैयार की। जिसमें हीरापट्टी, उकरौड़ा, अइनियां, सरदारपुर राजपूत, खेमऊपुर, पूरा ठकराई शामिल हैं। उनकी ओर से यह सूची तैयार कर चकबंदी आयुक्त को भेजी जा चुकी है। शासन से इस पर मुहर लगते ही इन गांवों को चकबंदी प्रक्रिया से मुक्त कर दिया जाएगा।
नियम के अनुसार जो गांव प्राधिकरण के क्षेत्र में आते हैं। उन गांवों में चकबंदी नहीं हो सकती है। आयुक्त के निर्देश पर जिले के छह गांवों को चकबंदी प्रक्रिया से बाहर करने के लिए प्रस्ताव उन्हें भेज दिया गया है। जैसे ही शासन से हरी झंडी मिल जाएगी इन गांवों को चकबंदी प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। -श्रीप्रकाश राय, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी।