आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनरायन गुट की बैठक शनिवार को कुर्मी टोला स्थित कार्यालय में हुई। जिसमें पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पांच अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर में धरना देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रदेशीय संगठन मंत्री नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए आगामी पांच अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ सहित कई संगठन प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि नवीन पेंशन योजना शिक्षकों के लिए अलाभकारी है। अत: इसे बंद करके पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए शिक्षक धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य हैं। जिलाध्यक्ष राजेश कुमार राय और जिलामंत्री दिनेश सिंह ने शिक्षकों से धरने में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील किया। इस मौके पर विनय कुमार सिंह, विनोद सिंह, श्याम बहादुर सिंह, लवकुमार, बेचू, शिवनरायन सिंह, जितेंद्र पांडेय, सजीवन पांडेय आदि उपस्थित थे।