आजमगढ़ । समायोजन से पूर्व प्रमोशन सहित नौ सूत्री मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय में चल रहा उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि हमारी मांगें पूरी नहीं हुई तो 24 जुलाई को बीएसए कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
जिलाध्यक्ष अनिता साइलेस ने कहा कि जिला बेसिक शिक्षाधिकारी की हठवादिता के चलते पिछले कई वर्षों से शिक्षकों की पदोन्नति बाधित है। पदोन्नति हमारा हक है, जिसे हम लेकर ही दम लेंगे। विभागीय अधिकारियों के तानाशाही रवैये के चलते कोई समझौता नहीं हो सका। ऐसे में हमारा संघर्ष जारी रहेगा। कहा कि अधिकारियों के रवैये के विरोध में 24 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने सभी से तालाबंदी को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान संघ के मीडिया प्रभारी मनोज कुमार त्रिपाठी, जिला संयुक्त मंत्री राकेशमणि त्रिपाठी, शिवचंद्र यादव, बृजभान यादव, संजय पांडेय, नंदगोपाल पांडेय, अतुल यादव, बृजेश यादव, अंबरीश श्रीवास्तव, सुजीत सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।