आजमगढ़ । जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजबली राम की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष हवलदार सिंह ने प्रदेश में हो रहे दलित उत्पीड़न पर रोक लगाए जाने की प्रदेश सरकार से मांग किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगर इस पर रोक नहीं लगाती है तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। बैठक के बाद राजबली राम के नेतृत्व में कार्यालय से दलितों के ऊपर हो रहे अत्याचार और उत्पीड़न पर रोक लगाए जाने को लेकर जुलूस निकाला गया। भ्रमण करते हुए जुलूस जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां राज्यपाल को संबोधित छह सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी को सौपा गया। जिलाधिकारी को दिए गए मांग पत्र में सहारनपुर में दलित परिवारों की हुई हत्या पर कार्रवाई किए जाने, दलितों की हत्या और उत्पीड़न पर रोक लगाए जाने, दलित आबादी वाली जमीन पर से दबंगों के अवैध कब्जे हटाए जाने, अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दिए जाने, जाति प्रमाण पत्र पर भारत सरकार अंकित किए जाने, दलित महिलाओं के साथ हुए बालात्कार और अपहरण के मामले के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की मांग की गई। इस मौके पर त्रिभुवन दुबे, मुन्नू यादव, सिंगारी गौतम, डा. सुधाकर राम, डा. अमित निगम, ओम प्रकाश सरोज, राम प्रसाद, सूर्यमुखी गोंड, रियाज अहमद, महमूद आलम, डा. रमेश चंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।