आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकमेउवा गांव में 28 मई की रात कोटे के विवाद में पीट पीटकर की गई दो लोगों की हत्या के मामले में सोमवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह ने दो आरोपियों का शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
बता दें कि चकमेउवा गांव निवासी प्रधान राजेंद्र यादव और सुदर्शन चौहान के बीच कोटे का विवाद था। इसी विवाद में राजेंद्र आदि ने 28 मई की रात पीट पीटकर सुदर्शन चौहान, मुन्नीलाल चौहान की हत्या कर दी थी और राजू चौहान को घायल कर दिया था। लाइसेंसी असलहे से फायर भी किया गया। घटना के संबंध में राजेंद्र यादव सहित 13 लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसपी अजय कुमार साहनी ने आरोपी रामनगीना यादव और महेंद्र यादव के नाम से जारी शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम के पास भेजी थी। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने सोमवार को रामनगीना और महेंद्र के लाइसेंस को निलंबित कर दिया। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि आरोपियों की तरफ से उचित जवाब न दिए जाने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।