आजमगढ़। मंडी परिषद की ओर से जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत वर्ष 2012-13 से 2016-17 तक करोड़ों की लागत से 16 सीसी रोड एवं नाली की निर्माण कराया गया है। जिलाधिकारी ने प्रत्येक सड़कों के लिए रैंडम बेस सत्यापन के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है।
जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत वर्ष 2012-13 से 2016-17 तक मंडी परिषद की ओर से कई सीसी रोड एवं नालियों का निर्माण कराया गया था। जिलाधिकारी ने जनेश्वर मिश्र गांवों में कराए गए इन कार्यों का रैंडम बेस सत्यापन का निर्णय लिया है। इसमें जहानागंज के पटहुआं में 40 लाख और मुस्तफाबाद चकिया में 35 लाख के कार्य के सत्यापन की जिम्मेदारी तहसीलदार सदर, बीडीओ जहानांगज और सहायक अभियंता एसएन सिंह को दी गई है। मेंहनगर ब्लाक में टांडीडीह में 35 लाख और कंतरिया कुर्थियां में 34.59 लाख के कार्य की जिम्मेदारी तहसीलदार मेंहनगर, बीडीओ मेंहनगर और सहायक अभियंता गंगेश्वर पाल को दी गई है। कोयलसा ब्लाक में सिकहुला में 40 लाख और मठगोविंद में 39.78 लाख के कार्य की जिम्मेदारी तहसीलदार बूढ़नपुर, बीडीओ कोयलसा और सहायक अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार को दी गई है। अतरौलिया ब्लॉक में चनौता में 39.81 लाख के कार्य की जिम्मेदारी समाज कल्याण अधिकारी, बीडीओ अतरौलिया और सहायक अभियंता राघवेंद्र सिंह को दी गई है। अहरौला ब्लाक में हासापुर में 40 लाख के कार्य की जिम्मेदारी तहसीलदार बूढ़नपुर, बीडीओ अहरौला, अवर अभियंता विष्णु कुमार को दी गई है। हरैया ब्लॉक में चांदपट्टी में 39.18 लाख, पिहार में 39.31 और पहाड़पुर में 35 लाख के कार्य की जिम्मेदारी तहसीलदार सगड़ी, बीडीओ हरैया और सहायक अभियंता एनबी सिंह को दी गई है। पल्हनी ब्लाक में मड़ैया में 35 लाख, बभनौली यादव बस्ती में 40 लाख और तमौली में 39.95 लाख के कार्य की जिम्मेदारी एडीएसटीओ सुनील सिंह, बीडीओ पल्हनी और अवर अभियंता कमलेश कुमार को दी गई है। सठियांव ब्लाक में गूजरपार अहरौलापुरवा में 40 लाख के कार्य की जिम्मेदारी समाज कल्याण अधिकारी, बीडीओ सठियां. और अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह को दी गई है। मिर्जापुर ब्लाक में खुदादपुर में 35 लाख के कार्य की जिम्मेदारी तहसीलदार निजामाबाद, बीडीओ मिर्जापुर और अवर अभियंता रत्नाकर मिश्रा को दी गई है। सभी से सत्यापन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की गई है।