आजमगढ़। चक्रवाती तूफान के उत्तर प्रदेश में आने की मौसम विज्ञानियों की चेतावनी को देखते हुए शासन की ओर जिला प्रशासन को एलर्ट किया गया है। शासन से मिले पत्र के बाद प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य राजस्व अधिकारी ने समस्त तहसीलों को एलर्ट किया है कि वह अपने क्षेत्र में निगाह बनाए रखे और कोई भी आपदा आने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
शासन की ओर से जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मौसम विभाग द्वारा आठ मई की सुबह से नौ मई तक दोबारा तूफान आने का अलर्ट जारी किया गया है। इससे बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी, प्रधान, राशन विक्रेता आदि के माध्यम से जन सामान्य को संभावित आंधी और तूफान की सूचना से अवगत कराया जाए। ताकि वह अपने पशुओं और सामानों आदि की सुरक्षा के उपाय कर सकें। वन विभाग, नगरपालिका, नगरपंचायत, विद्युत विभाग द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में क्षेत्रमें राहत बचाव कार्य के लिए टीमों का गठन कर लें। जिला चिकित्सालयों और स्वास्थ्य केंद्रों पर आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, औषधि, उपकरण और एंबुलेेंस की व्यवस्था रखें।