आजमगढ़। आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग रमा रमण ने जनपद में प्रचलित बुनकर समितियों की जांच में विभागीय गाइड लाइंस बताने के लिए उपायुक्त केपी वर्मा को नामित किया है। केपी वर्मा 250 समितियों की जांच में टीम से मिलकर योजना की गाइडलाइंस और उद्देश्यों से जांच टीम को अवगत कराएंगे। 250 समितियों पर लगभग 30 करोड़ के मार्केटिंग इंसेटिव हड़पने की आशंका है।
शिकायत के आधार परल 11 बुनकर समितियों की जांच हुई थी। आरोपी समितियों का पक्ष सुनने के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी सीबी सिंह की ओर से समितियों के सचिव और उपसभापति पर एफआईआर के साथ ही 1.40 करोड़ की रिकवरी के आदेश दे चुके हैं। हालांकि अभी तक एफआईआर और रिकवरी की कर्रावाई नहीं हो सकी है। इसके साथ 250 अन्य बुनकर समितियों की जांच अभी होनी है। इस बीच हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के आयुक्त रमा रमण ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर प्रचलित बुनकर समितियों की जांच में विभागीय गाइडलाइंस बताने के लिए उपायुक्त केपी वर्मा को नामित किया है। वो जांच टीम को योजना की गाइडलाइंस और उद्देश्य बताकर जांच टीम का सहयोग करेंगे। इससे 250 अन्य समितियों की जांच भी जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है।