आजमगढ़। रबी फसल की बोआई अगले महीने से शुरू हो जाएगी। कृषि विभाग की तरफ से किसानों को सब्सिडी पर 34 हजार क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। अगले सप्ताह जिले के सभी 22 राजकीय बीज गोदामों पर गेहूं का बीज पहुंच जाएगा। वहां से किसानों में वितरित किया जाएगा। रबी सीजन में जनपद में मुख्य रूप से किसान गेहूं की खेती करते हैं। इसके बाद सरसों, चना, मटर की खेती होती है। कृषि विभाग की तरफ से किसानों को सरसों, चना, मसूर के मिनी किट बांटे जा रहे हैं। हालांकि अभी खेतों में धान की फसल खड़ी है। अगले माह से किसान रबी फसलों की बोआई में लग जाएंगे।
उधर किसानों को सब्सिडी पर गेहूं का उन्नतशील बीज उपलब्ध कराने के लिए विभाग तैयारी कर लिया है। पल्हनी, सठियांव, जहानागंज, रानी की सराय, मेंहनगर, मोहम्मदपुर, बिलरियागंज सहित 22 ब्लॉकों के राजकीय बीज गोदामों पर विभाग करन बंदना, करन वैष्णवी, उन्नत पीबीडब्ल्यू 343 और एचडी 2967 प्रजातियों के 14 हजार क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध कराएगा। अगले सप्ताह सभी बीज गोदामों पर बीज पहुंच जाएंगे। किसानों को सभी प्रजाति के बीज 4680 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेगा। इसमें 10 साल तक पुराने वरायटी की खरीद पर किसानों को 50 प्रतिशत और इससे ज्यादा पुरानी वरायटी 25 प्रतिशत की सब्सिडी लाभ तत्काल मिलेगा। जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ने कहा कि अगले सप्ताह सभी बीज गोदामों पर गेहूं का बीज पहुंच जाएगा। किसान वहां से ले सकते हैं। उनको मौके पर ही सब्सिडी का लाभ मिलेगा।