आजमगढ़। लोकसभा चुनाव 2019 में जनपद में 12 मई को मतदान होना है। इस मतदान के लिए 11 मई को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए जिला प्रशासन की ओर से चार केंद्र बनाए गए हैं। हर केंद्र पर दो से तीन विधानसभाओं के पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए जिला प्रशासन की ओर से नगर के आईटीआई, कोटवा, डेंटल कालेज चंडेश्वर और पीजी कालेज चंडेश्वर को केंद्र बनाया गया है। नगर के आईटीआई मैदान से अतरौलिया, गोपालपुर और सगड़ी विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जबकि कोटवा से निजामाबाद, फूलपुर-पवई और दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। श्री दुर्गा जी पीजी कालेज चंडेश्वर से मुबारकपुर और आजमगढ़ की पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। वहीं डेंटल कालेज चंडेश्वर से लालगंज और मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी होगी। मतदान के लिए लगाए जाने वाले मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से नगर के डीएवी पीजी कालेज का चयन किया गया है। इस प्रशिक्षण 20 400 मतदान कर्मी प्रशिक्षण करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि हमने मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित करने के लिए डीएवी पीजी कालेज का चयन किया है। संभवत: आठ या नौ अप्रैल से इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर कक्ष में दो-दो मास्टर ट्रेनर तैनात किए जाएंगे जो इन्हें प्रशिक्षण देंगे।