आजमगढ़। शिक्षा विभाग में कार्यरत कर्मियों का वेतन बजट के अभाव में रुका है। इसके चलते इन्हें अब होली की चिंता सताने लगी है। आर्थिक तंगी झेल रहे शिक्षा विभाग के कर्मियों में अब आक्रोश देखने को मिल रहा है जो कभी भी आंदोलन में तब्दील हो सकता है।
यूपी एजूकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफीसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय पदाधिकारियों की अध्यक्ष विवेक यादव व महामंत्री राजेश चंद्र श्रीवास्तव की मानें तो चार माह से वेतन का भुगतान न होने से संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेकश माध्यमिक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थान में कार्यरत कर्मियों के समक्ष तमाम तरह की आर्थिक समस्य खड़ी हो गई है। किसी तरह से परिवार का खर्च चल रहे इन कर्मचारियों के समक्ष अब आगामी होली के त्यौहार की चिंता सताने लगी है। संगठन के जिला सचिव योगेंद्र सिंह का कहना है कि वेतन न मिलने से निश्चित तौर पर शिक्षा विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की होली फीकी रहेगी। उन्होंने बताया कि जेडी, डीडीआर व डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारियों का दो माह का व जिला शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थान जाफरपुर के कर्मियों का चार माह का वतन बजट के अभाव में रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि यदि होली के पूर्व वेतन का भुगतान नहीं होता है तो निश्चित तौर पर संगठन आंदोलन को बाध्य होगा। हड़ताल के साथ ही कार्य बहिष्कार भी किया जाएगा। इसकी रणनीति संगठन की जिलास्तरीय बैठक में तय की जाएगी।