आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा का असली घमासान मंगलवार को दुर्व्यवस्था के बीच हुआ। मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की महत्वपूर्ण विषय हिंदी की परीक्षा थी और इसमें पंजीकृत 20,707 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं सुबह की ही पाली में इंटर की बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार की परीक्षा थी। इसमें एक ही परीक्षार्थी पंजीकृत था और वो भी अनुपस्थित रहा। सामान्य आधारित विषय में पंजीकृत 1036 परीक्षार्थियों में 59 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई।
यूपी बोर्ड की मंगलवार की सुबह की पाली में कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 1,17,823 थी, जिसमें 20 हजार 800 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हाईस्कूल के हिंदी विषय में 116700 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 20707 अनुपस्थित रहे। वहीं प्रारंभिक हिंदी में पंजीकृत 86 परीक्षार्थियों में 33 अनुपस्थित रहे। हिंदी जैसे महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा होने के बाद भी दुर्व्यवस्था का आलम रहा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ ही जिला प्रशासन की टीम दिन भर परीक्षा केंद्रों का चक्रमण करती रही। सुबह की पाली में किसी भी परीक्षा केंद्र से नकलची पकड़े जाने व नकल होने की सूचना नहीं थी, लेकिन दर्जन भर से अधिक सेंटरों पर बिना स्टैटिक मजिस्ट्रेट के ही परीक्षा संपन्न कराई गई। इतना ही नहीं कई परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व वायस रिकार्डर के भी काम न करने की सूचना है। कई परीक्षा केंद्रों पर बिना फोटो वाले प्रवेश पत्र को लेकर पहुंचे परीक्षार्थियों के समक्ष समस्या खड़ी हुई। हालांकि शिक्षा विभाग से जारी दिशा निर्देशों के तहत केंद्र व्यवस्थापकों ने समस्या का समाधान करा कर परीक्षार्थियों की परीक्षा दिलवाई।
दर्जन भर स्टैटिक मजिस्ट्रेट रहे अनुपस्थित
बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी 304 परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती जिला प्रशासन द्वारा की गई है। मंगलवार को तीसरे दिन की परीक्षा में भी दर्जन भर से अधिक स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित केंद्रों पर नहीं पहुंचे। जिसके चलते बिना स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के ही बोर्ड परीक्षा संपन्न करायी गई।
अनुपस्थित मिले बाह्य कक्ष निरीक्षक, वेतन रोकने का निर्देश
एडी बेसिक राजेश कुमार आर्य ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। शेख रहमत इंटर कालेज रानी की सराय पर बाह्य कक्ष निरीक्षक उषा यादव, रंजीत माथुर, सुनीता, मीरा देवी, दुर्ग विजय यादव, संजय कुमार, संजय श्रीवास्तव, राम प्रकाश, सुधा रानी व श्री दुर्गा जी चिल्ड्रेन सिटी इंटर कालेज पर बाह्य कक्ष निरीक्षक विदुषी अस्थाना, अनिता जैसवार, इंद्रदेव सिंह, मधुरिका, रिमझिम, सरिता यादव, सूरज पाठक व नौरंग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीबी पर कृष्णकांत, स्नेहलता व विभा राय अनुपस्थित मिले। ये सभी बाह्य कक्ष निरीक्षक अपने ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। जिस पर एडी बेसिक ने परिषदीय विद्यालयों के इन सभी शिक्षकों का वेतन स्पष्टीकरण दिये जाने तक रोकने का निर्देश बेसिक शिक्षाधिकारी व संबंधित खंड शिक्षाधिकारी को दिया है।