आजमगढ़। एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरुप्रसाद ने बताया कि जनपद विभिन्न आपदाओं बाढ़, आग, भूकंप, लू, महामारी आदि से प्रत्येक वर्ष प्रभावित होता रहता है। जिससे अत्यधिक मात्रा में जन-धन की हानि होती है। आपदा की स्थिति में बच्चों को सर्वाधिक प्रभावित और अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में माना गया है। जिसके लिए आपदा पूर्व तैयारी कुशल आपदा प्रबंधन एवं जागरूकता प्रशिक्षण जैसे आदि उपायों को अपनाकर होने वाली संभावित खतरों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उपरोक्त विषय को गंभीरता पूर्वक दृष्टिगत रखते हुए स्कूल सुरक्षा नीति के क्रियान्वयन पर जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया जाना है। जो 21 जनवरी को जीडी ग्लोबल स्कूल करतारपुर में सुबह 11 बजे से अपरान्ह दो बजे तक, 22 जनवरी को सेंट्रल पब्लिक स्कूल जाफरपुर में सुबह 11 बजे से अपरान्ह दो बजे तक, 23 जनवरी को ज्योति निकेतन स्कूल अतलस टैंक बदरका में सुबह 11बजे से अपरान्ह दो बजे तक, 24 जनवरी को केंद्रीय विद्यालय हीरापट्टी में सुबह 11 बजे से अपरान्ह दो बजे तक और 25 जनवरी को राजकीय बालिका इंटर कालेज में सुबह 11 बजे से अपरान्ह दो बजे तक निर्धारित किया गया है। एडीएम ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि अपने विद्यालय परिसर में निर्धारित समयानुसार जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराएं। जिसमें विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की उपस्थिति अनिवार्य है। प्रशिक्षण कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक सामग्री जैसे उपयुक्त स्थल, सभागार, बैठने की उचित व्यवस्था, दो लीटर की खाली बोतल ढक्कन बंद सहित आठ, अदद बड़ी लाठी दो, कंबल बड़ा एक और 10 मीटर नरकुल या नारियल की रस्सी आदि ससमय उपलब्ध कराएं। जिससे कि कार्यक्रम को रुचिकर बनाने में सहयोग मिल सके।