आजमगढ़। डीएवी कॉलेज के पास स्थित कांशी राम आवास में रह रहे लोगों को गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन किए जाने के आधार पर आवास का आवंटन किया गया है। कॉलोनी में रहने वालों में किसी का बीपीएल कार्ड है तो किसी का अन्त्योदय कार्ड। कालोनी में कुल 696 आवास है। इनमें रहने वाले अधिकतर लोगों का कहना है कि राशन कार्ड के रिनिवल के लिए कई बार आनलाइन फार्म आधार कार्ड, बैंक नंबर के साथ भरा जा चुका है लेकिन आज तक सूची में नाम आया ही नहीं। इसके लिए ये कई बार प्रदर्शन भी कर चुके है। लेकिन 250 लोग ही राशन पा रहे है बाकी सभी लोग राशन पाने से वंचित है।
कांशीराम आवास के वार्ड नंबर 23 की निवासी फातिमा का कहना है कि मैं ने कई बार आनलाइन फार्म सभी कागज को दर्शाते हुए भरा, लेकिन मेरा नाम सूची में नहीं आया है। जिसके कारण मुझे आठ माह से ऊपर हो गया आज तक अनाज नहीं मिल रहा है। इसके लिए आवास के लोग कई बार प्रदर्शन कर चुके है लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। इसी वार्ड की रुखशाना का कहना है कि अधिकारी आवास का निरीक्षण तो करने आते है लेकिन सरकार द्वारा सभी को अनाज मुहय्या कराए जाने की पात्र गृहस्थी योजना से कौन-कौन लोग वंचित है, किसका राशन कार्ड बना है कि नहीं इसकी जांच कोई अधिकारी नहीं करता है। राशन कार्ड के नवीनीकरण के लिए कई बार आनलाइन फार्म भरे जाने के बाद भी पात्र गृहस्थी सूची में नाम नहीं आने से खाद्यांन से वंचित है।
वार्ड नंबर 23 की ही निवासी सुनीता देवी ने बताया कि पहले पति के नाम से बीपीएल कार्ड बना लेकिन जब औरतों के नाम से राशन कार्ड बनने लगा तो मैं ने सभी कागजात के साथ आनलाइन फार्म दसों बार भरवाया लेकिन आज तक पात्र गृहस्थी की सूची में नाम नहीं आया। जिसके कारण लगभग एक साल से मैं अनाज पाने से वंचित हूं। मेरे पति ने जिलापूर्ति कार्यालय में भी फार्म भर कर आधार के साथ जमा किया था। लेकिन आज तक किसी का भी आधार नहीं चढ़ाया गया न ही यह पता लग सका कि कार्ड सुरक्षित है या कैंसिल हो गया है। कांशीराम आवास में खाद्यांन वितरण करने वाले कोटेदार जितेंद्र यादव ने बताया कि 250 लोगों को अनाज का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पचास लोगों का फार्म जांच के लिए नगर पालिका भेजा गया है। जिसमें 25 लोगों का फार्म जिलापूर्ति कार्यालय में फीडिंग करने के लिए दे दिया है। जल्द ही सभी लोगों का कार्ड दुरुस्त करा दिया जाएगा।