आदर्श नगर पंचायत कछवां को स्वच्छ व सुंदर बनाने की कवायद में नगर पंचायत के साथ ही आम जनता आगे आई है। चेयरमैन पनधारी कुमार यादव के निर्देशन में नगर पंचायत परिसर में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति का गठन किया गया। जिसके माध्यम से वर्ष 2018 में नगर पंचायत को स्वच्छता में प्रथम स्थान पर लाने का प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
अध्यक्ष ने बैठक में आम जनता से स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध करने के साथ ही शौचालय का निर्माण करने और उसका उपयोग करने का आह्वान किया। इसके साथ ही दूषित पानी जो गंगा में बहाया जा रहा है, वह कानूनी अपराध है। इसके लिए नाले का पानी एक जगह एकत्रित कर वहा ट्रीटमेंट प्लांट लगा कर इस दूषित पानी को खेत के सिंचाई योग्य किया जा सकता है, जिसके लिए लोगों में जागरूकता जरूरी है। ईओ राजेंद्र कुमार दुबे ने नागरिकों को स्वस्थ रहने के तरीके बताए और कहा कि यह तभी संभव है जब हम अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ व सुंदर बनाएंगे। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं की भी जानकारी दी गई । कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि खुले में शौच पर लगाम लगाने का पूरा प्रयास करें। कहा कि नये वर्ष में नगर को स्वच्छता में प्रथम स्थान दिलाने का लक्ष्य लेकर चला जा रहा है और सभी के सहयोग से इसे पूरा भी कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन ने सामूहिक विवाह योजना शुरू की है, जिसके तहत शासन ने एक फार्म भेजा है। नगर पंचायत के लोग कार्यालय से फार्म लेकर आवेदन कर सकते हैं। सामूहिक विवाह के बाद कन्या के खाते में शासन से 20 हजार रुपये दिया जाएगा। इसके साथ ही विवाह खर्च के लिए आठ हजार रुपये भी सरकार देगी। बैठक में दूधनाथ, सचीतानंद दुबे, गणेश, बऊ पाल आदि मौजूद रहे।